वेंकैया बने देश के तेरहवें उपराष्ट्रपति…

नयी दिल्ली, 11 अगस्त। श्री एम वेंकैया नायडू आज देश के तेरहवें उपराष्ट्रपति बन गये। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में गरिमापूर्ण समारोह में उन्हें उपराष्ट्रपति पद की शपथ दिलायी। श्री नायडू ने हिन्दी में शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर निवर्तमान उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह, पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद, कई केन्द्रीय मंत्री, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कई अन्य गणयमान्य व्यक्ति मौजूद थे। शपथ ग्रहण से पहले अड़सठ वर्षीय श्री नायडू ने राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में से एक पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा महान स्वतंत्रता सेनानी एवं देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपराष्ट्रपति के नाते श्री नायडू राज्यसभा के नये सभापति भी बन गये हैं। शपथ ग्रहण के कुछ ही देर बाद वह संसद भवन पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यसभा के उपसभापति पी जे कुरियन, संसदीय कार्यमंत्री अनन्त कुमार, सदन में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता डी राजा, द्रविड़ मुनेत्र कषगम के नेता त्रिची शिवा तथा कुछ अन्य दलों के नेताओं ने उनकी अगवानी की। श्री कुरियन तथा श्री अनन्त कुमार ने उन्हें गुलदस्ता भेंटकर उनका स्वागत किया। उसके बाद सभी नेता उन्हें ससम्मान सभापति के कक्ष में ले गये।
बाद में श्री नायडू ने राज्यसभा की कार्यवाही का संचालन भी किया।
श्री नायडू भारतीय जनता पार्टी के ऐसे दूसरे नेता हैं, जो उपराष्ट्रपति पद पर पहुंचे। उनसे पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान भाजना नेता श्री भैरों सिंह शेखावत इस पद के लिए चुने गये थे। श्री नायडू के उपराष्ट्रपति बनने के साथ ही देश के चार सर्वोच्च पदों पर भारतीय जनता पार्टी से जुड़े नेता आसीन हो गये हैं। गत 25 जुलाई को श्री रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति का पद संभाला था, जो उससे पहले बिहार के राज्यपाल थे। राज्यपाल पद ग्रहण करने से पहले वह भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भाजपा के शीर्ष नेता हैं और लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन भी भाजपा की नेता रही हैं।
श्री नायडू ने गत पांच अगस्त को उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में राजग के उम्मीदवार के रूप में 18 विपक्षी दलों के उम्मीदवार गोपाल कृष्ण गांधी पर भारी मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। उन्हें लोकसभा और राज्यसभा सदस्यों के कुल वैध 760 मतों में से 516 मत मिले थे जबकि श्री गांधी को 244 वोट मिले थे।
श्री नायडू ने श्री हामिद अंसारी का स्थान लिया है, जिन्होंने लगातार दो कार्यकाल तक उपराष्ट्रपति रहने के बाद कल अवकाश ग्रहण किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *