
बिजनौर। भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के बैनर तले मंगलवार को बड़ी संख्या में किसानों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को सम्बोधित 20 सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी श्री जगतराज को दिया, जिसमें चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी न होने पर किसानों का जुझारू आंदोलन छेड़ दिया जायेगा। याद रहे कि कुछ दिन पहले भाकियू (टिकैत) के भी कलक्ट्रेट का घेराव करके किसानों की मांग रखी थी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भाकियू (भानु गुट) के कार्यकर्ता तथा किसान सैंट मेरीज स्कूल के चौराहे पर एकत्र हुए, वहां से टै्रक्टर ट्रालियों में सवार किसानों का हुजूम नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचा। कलक्ट्रेट में किसानों की विशाल पंचायत हुई। किसानों की पंचायत को सम्बोधित करते हुए भाकियू (भानु गुट) के जिलाध्यक्ष श्री विजय सिंह सहरावत ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर किसानों का कर्ज माफ करने की योजना को किसानों के साथ मजाक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनावों के दौरान सभी किसानों का कर्ज माफ करने का वायदा किया था लेकिन योगी सरकार ने लघु तथा सीमांत किसानों का एक लाख रुपये तक फसली ऋण माफ किया है और इस ऋण माफी योजना से किसानों का एक पैसा से 9 पैसे तथा 84 पैसे तक कर्ज माफ करके किसानों के साथ भद्दा मजाक किया जा रहा है। कर्ज माफी के नाम पर किसानों को छला जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि किसानों का हर स्तर पर शोषण किया जा रहा है। प्रदेश में हर तरफ लूट-खसोट मची हुई है। किसानों की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाकियू (भानु गुट) शोषण करने वाले अधिकारियों का इलाज करेगी। किसानों का शोषण तथा अभद्रता करने वाले अधिकारियों को उनके कार्यालय में बंधक बनाकर उन्हें सबक सिखाया जायेगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर गन्ने का दाम नहीं बढ़ाया गया तो किसान सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे।