
दिल्ली, 20 जनवरी। राजधानी के बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार को 3 फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। आग से 17 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग घायल हैं। फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने आग में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जाहिर की है। जानकारी के मुताबिक आग पटाखा, प्लास्टिक और कार्पेट फैक्ट्रियों में लगी है। इसमें से सिर्फ एक फैक्ट्री में ही कई लोगों के मारे जाने की खबर है। मरने वालों में 8 महिलाएं हैं। एम्स के ट्रॉमा सेंटर को अलर्ट कर दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने घटना पर दुख जताया है। फिलहाल आग पर काबू कर लिया गया है। मौके पर दमकल की एक दर्जन से ज्यादा गाडिय़ां मौजूद हैं। आग सबसे पहले सेक्टर 5 में शाम करीब 6 बजकर 20 मिनट पर लगी। जानकारी के मुताबिक आग एक पटाखा फैक्ट्री के बेसमेंट और फर्स्ट फ्लोर पर लगी। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। बवाना इंडस्ट्रियल एरिया कनॉट प्लेस से महज 35 किलोमीटर की दूरी पर है। दिल्ली फायर सर्विस के डायरेक्टर जीसी मिश्रा ने बताया हमें बवाना सेक्टर 1 की प्लास्टिक फैक्ट्री, सेक्टर 5 की पटाखा फैक्ट्री और तीसरी कॉल एक ऑइल स्टोरेज डिपो से मिली थी। सभी मौतें सेक्टर 5 में लगी आग से हुई हैं। आग पर काबू पा लिया गया है। अभी तक हमें 17 शव मिले हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बवाना में लगी आग और मौतों पर दुख जताया है। पीएम ने ट्वीट कर कहा बवाना की फैक्ट्री में आग की खबर से दुखी हूं। इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वह बचाव अभियानों पर नजर रख रहे हैं। उधर, हृष्ठरूष्ट के एक अधिकारी ने बताया कि नॉर्थ दिल्ली की मेयर प्रीति अग्रवाल मौके पर पहुंच गई हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने स्वास्थ्य सचिव को आदेश दिया है कि बवाना अग्निकांड के पीडि़तों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा नड्डा ने एम्स ट्रॉमा सेंटर को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।