ओपी सिंह ने पुलिस महानिदेशक का पदभार किया ग्रहण

लखनऊ, 23 जनवरी। उत्तर प्रदेश के नवागत पुलिस महानिदेशक ओ पी सिंह ने आश्वस्त किया है कि कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी जायेगी।
पुलिस महानिदेशक का पदभार ग्रहण करने के बाद श्री सिंह ने आज यहां कहा मैं देश के सबसे प्रतिष्ठित पुलिस बल का मुखिया बनाये जाने पर गर्व महसूस कर रहा हूं। इसका मान बढ़ाने के लिये वह हरसम्भव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि ‘क्लीन यूपीÓ योजना बरकरार रखी जायेगी। क्लीन यूपी के जरिये पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने की पूरी कोशिश कर रही है। इसके तहत ताबड़तोड़ मुठभेड़ हो रही है। गत 31 दिसम्बर को सुलखान सिंह के अवकाश ग्रहण करने के बाद ओ पी सिंह को पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया था, लेकिन कार्यभार ग्रहण करने में हो रही देरी से इनके नहीं आने की अटकलें लगनी शुरु हो गयीं थीं। श्री सिंह केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के महानिदेशक थे। उन्हें एक दिन पहले ही रिलीव किया गया। आगामी 25 जनवरी को रिलीज हो रही फिल्म पद्मावत के सम्बन्ध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेश का पालन किया जायेगा।
न्यायालय के आदेश के बावजूद किसी ने गड़बड़ी करने की कोशिश की तो सख्ती से निपटा जायेगा। श्री सिंह ने कहा कि पुलिस व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा। पुलिस व्यवस्था में और तेजी लाने में वह लोगों की राय भी लेंगे। मौके पर पुलिस जल्द से जल्द पहुंचे, इसकी वह लगातार कोशिश करेंगे। वह चाहेंगे कि घटनास्थल पर कम से कम समय मेें पुलिस पहुंच जाये। जनता का पुलिस के प्रति विश्वास बनाये रखना बड़ी जिम्मेदारी है। राज्य का पुलिस महानिदेशक बनाये जाने के 24वें दिन पदभार ग्रहण करने वाले श्री सिंह ने दावा किया कि पिछले कुछ महीनों में प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहतर हुई है, लेकिन वह जनता को और संतुष्ट तथा सुरक्षित महसूस कराने की कोशिश करेंगे। विवेचना में तेजी लायी जायेगी ताकि अदालतों में ज्यादा से ज्यादा आरोपियों को जल्दी सजा मिल सके। राज्य की यातायात व्यवस्था में सुधार पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि वह इस सम्बन्ध में अधिकारियों से बात करेंगे।
उनका कहना था कि दुर्घटनाओं की संख्या घटनी चाहिये। इसके लिये एक खाका तैयार किया जायेगा। गलत ढंग से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जायेगी।
श्री सिंह ने कहा, “यह अच्छी बात है कि मेरे पास अधिकारियों और अन्य पुलिसकर्मियों की बेहतरीन टीम है। टीम अच्छी हो तो कोई काम मुश्किल नहीं है।”पुलिस महानिदेशक ने कहा कि सुरक्षा बलों के समक्ष काफी चुनौतियां भी हैं, लेकिन चुनौतियों को स्वीकार कर लोगों को न्याय दिलाया ही जायेगा। उन्होंने कहा कि इधर काफी मुठभेड़े हुई हैं। पुलिस अपराध और अपराधियों के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि मुठभेड़ों में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। कुछ की जान भी गयी है। इसे पुलिस बल कैसे भूल सकता है। अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रखा जायेगा। अपराधियों की जगह जेल है। उन्हें वहीं भेजा जायेगा। अमन पसंद जनता को हर हाल में बेहतर कानून व्यवस्था मिलेगी।
श्री सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। राज्य की कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाये रखने पर चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *