
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम से इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) की शुरुआत की। देशभर में इसकी 650 शाखाओं और 3 हजार 250 सेवा केंद्रों में बैंकिंग सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी। सिर्फ आधार कार्ड से पोस्ट पेमेंट बैंक में खाता खुल जाएगा। बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में आईपीपीबी के लिए प्रौद्योगिकी एवं मानव संसाधन विकास के मद में 635 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। पहले इसके लिए 800 करोड़ रुपए मंजूर किए गए थे। राशि अब बढ़कर 1,435 करोड़ रुपए हो गई है।
संचार मंत्री मनोज सिन्हा के मुताबिक, इस साल 31 दिसंबर तक देश के सभी एक लाख 55 हजार डाकघरों को सेवा केंद्रों के रूप में आईपीपीबी से जोड़ दिया जाएगा। इस काम को पूरा करने की समय अवधि घटाने की वजह से 635 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि की जरूरत पड़ी है। इसमें 400 करोड़ रुपए प्रौद्योगिकी विकास के लिए और 235 करोड़ रुपए मानव संसाधन विकास के लिए दिए जाएंगे।