
हल्दौर (चिंगारी)। हल्दौर क्षेत्र के गांव लाडनपुर निवासी प्रसिद्ध चित्रकार मनीषा गुप्ता ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम करते हुए इंटरनेशनल ऑनलाइन चित्रकला प्रतियोगिता में ‘सिल्वर अवार्ड’ प्राप्त किया है, जिससे क्षेत्र में हर्ष व्याप्त है।
ग्राम लाडनपुर निवासी आनंद प्रकाश गुप्ता की होनहार सुपुत्री मनीषा गुप्ता ने ‘संस्कार भारती बरेली’ की ओर से आयोजित इंटरनेशनल ऑनलाइन चित्रकला प्रतियोगिता/ प्रदर्शनी 2022 में भाग लिया था। आजादी का अमृत महोत्सव’ थीम पर आयोजित प्रदर्शनी/प्रतियोगिता में मनीषा गुप्ता ने ‘सिल्वर अवार्ड’ प्राप्त कर क्षेत्र व जनपद बिजनौर का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर थी और इसमें बहुत से चित्रकारों ने भाग लिया। बिजनौर जनपद से केवल मनीषा गुप्ता का ही नाम इस अवार्ड में है। मनीषा गुप्ता संस्कार भारतो जनपद बिजनौर में रंगोली विधा प्रमुख के पद पर रहकर वर्तमान में कार्य कर रही है। अवार्ड के अंतर्गत एक इंटरनेशनल अचीवमेंट सर्टिफिकेट सिल्वर अवार्ड मिला है। मनीषा गुप्ता ने अपनी इस सफलता का श्रेय विशेष रूप से अपने भाई रंजित कुमार गुप्ता को दिया है। मनीषा गुप्ता की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उनके परिजनों सहित सभी क्षेत्रवासियों में हर्ष व्याप्त है। मनीषा गुप्ता इससे पहले भी दर्जनों ऑनलाइन प्रतियोगिताओं में अवार्ड प्राप्त कर अपने परिजनों, क्षेत्र व जनपद का नाम रोशन कर चुकी है।